रांची नगर निगम के 53 वार्ड क्षेत्र में आ रही समस्याओं को साझा किया
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सिटीजन फोरम रांची नगर निगम का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला की अध्यक्षता में 24 अगस्त को नवनियुक्त नगर आयुक्त सह प्रशासक अमित कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल रांची नगर निगम क्षेत्र के कुल 53 वार्ड क्षेत्र में आ रही विभिन्न समस्याओं के बारे में जानकारियां साझा की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटीजन फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला ने बताया कि समस्याओं में प्रमुख रूप से वर्तमान में बरसात के कारण सड़कों में जल जमाव की स्थिति और नगर निगम के पार्कों के मेंटेनेंस इत्यादि विषय प्रमुख रहे।

उन्होंने बताया कि प्रशासक सह नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उन्होंने बीते 23 अगस्त को रांची शहर की स्थिति और खासकर जल जमाव की समस्या को देखा है। नगर प्रशासन द्वारा जल्द इसका समाधान किया जायेगा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा पुष्पगुच्छ प्रशासक सह नगर आयुक्त को भेंट किया गया।
पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में फोरम के अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी, कार्यक्रम संयोजक रेणुका तिवारी, कोर कमेटी सदस्य अनिल कुमार और सदस्य पी. के. प्रधान शामिल थे।
![]()













Leave a Reply