प्रहरी संवाददाता/सोनपुर (सारण)। वैशाली जिला के हद में बिदुपुर प्रखंड के मनियारपुर गांव में आयोजित नौ दिवसीय श्रीविष्णु महायज्ञ के आठवें दिन 29 मार्च को भक्तों की भारी भीड़ देखी गयी।
इस अवसर पर प्रवचन के क्रम में आचार्य प्रवीण दुबे ने कहा कि यज्ञ में होनेवाले हवन से वायुमंडल शुद्ध और पवित्र होता है। उन्होंने सनातन धर्म को दुनियां का सर्वाधिक प्राचीन धर्म बताते हुए कहा कि यह वही धर्म है जो पूरी दुनिया को अपना कुटुंब समझता है। यही उसका उदघोष रहा है।
उन्होंने भक्तो की अपार भीड़ के समक्ष अपने प्रवचन में कहा कि सनातन धर्म की इसी विशेषता की वजह से अन्य धर्म इसकी तुलना में कहीं नही ठहरता। अहले सुबह से ही यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने वाले भक्तो की लंबी कतारें देखी गई। वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो रहा था। यज्ञ मंडप में स्थापित विभिन्न देवी देवताओं की प्रतिमाओं की भी पूजा-अर्चना होती देखी गयी।
दूसरी तरफ प्रवचन पंडाल में भक्तों के बीच प्रवचन करते हुए भागवत मर्मज्ञ ममता शास्त्री ने कहा कि यज्ञ करने एवं यज्ञ में सहयोग देने से व्यक्ति का संस्कार बढ़ता है। साथ ही व्यक्ति ऊर्जावान होते है। उन्होंने कहा कि भक्त के प्रेम के आगे भगवान भी झुक जाते है।
उन्होंने कहा कि हर युग में धर्म का विरोध होता रहा, परंतु अंत में धर्म और सत्य की ही विजय होती है। सत्य मार्ग पर चलने वाले परेशान होते है, परंतु पराजित नहीं होते।उन्होंने उपस्थित जनसमूह से सत्य मार्ग पर चलने की अपील की। वही रात में श्रद्धालुओं ने आयोजित रामलीला का भी आनंद उठाया।
![]()












Leave a Reply