Advertisement

खबर अब वही बनाई जाती है जो सत्ता को पसंद हो-रामबाबू

स्वच्छ पत्रकारिता के लिए स्वतंत्रता जरुरी-ईप्सा अध्यक्ष

अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। अखिल भारतीय शांति एकजुटता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबाबू कुमार ने 26 मार्च को कहा कि आज देश में संविधान खतरे में है। पूरे विश्व की शांति खतरे में है। ऐसे में पत्रकारिता की स्वतंत्रता जरुरी है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता करने में सफल वही होते हैं जो निष्पक्ष हों।विडंबना यह है कि आज पत्रकारों के कलम बंधे हुए हैं। खबर आज वही बनाई जाती है जो सत्ता को पसंद हो।

वे सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित शहीद महेश्वर संस्थान हॉल में दिवंगत कम्युनिस्ट नेता व पत्रकार तीर्थनाथ सिंह की स्मृति दिवस पर आयोजित भारत का संविधान और विश्व शांति पर खतरे विषयक व्याख्यान माला में सभा को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य जनों ने स्व. कॉमरेड तीर्थनाथ सिंह के तैल चित्र पर पुष्पांजलि एवं माला अर्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

व्याख्यान माला की अध्यक्षता करते हुए एप्सो के प्रदेश महासचिव डॉ ब्रज कुमार पांडेय ने भारतीय संविधान की विशेषताओं की जहां चर्चा की, वहीं यह भी कहा कि आज निजता के अधिकार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को समाप्त करने की कोशिशें भी की जा रही है। इसके खिलाफ जनता को संगठित होकर संघर्ष करने की जरुरत है। संचालन साहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी कर रहे थे।

समारोह में अनिल कुमार सिंह, डॉ के एन सिंह, माधव राय, कांग्रेसी नेता अजय सिंह, जितेंद्र सिंह, अधिवक्ता अरविंद कुमार सिंह, सीपीआई के अंचल सचिव नरेंद्र राय, ब्रज किशोर शर्मा, विजय कुमार शर्मा, मुकेश कुमार शर्मा, महेश शर्मा, अजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में रहिवासी मौजूद थे।

इस मौके पर एप्सो के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबाबू कुमार, ब्रज कुमार पांडेय, अनिल सिंह, कौशल कुमार झा, सुरेन्द्र मानपुरी एवं डॉ के एन सिंह को संस्थान के पुस्तकालयाध्यक्ष अच्युतानंदन ने अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। संस्थान के संचालक कौशल किशोर झा ने अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *