Advertisement

सड़क से संसद तक युद्ध की स्थिति, संकट में मानवता-सुरेन्द्र मानपुरी

अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। सारण जिला के वरिष्ठ साहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी ने 3 मार्च को क्षेत्र के साहित्यकारों की एक बैठक में कहा कि सड़क से संसद तक आज युद्ध की स्थिति है। यूक्रेन-रुस युद्ध ने आज दुनिया को उस मुहानें पर खड़ा कर दिया है, जहां मानवता के अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न हो गया है।

उन्होंने कहा कि ढाई सौ देशों वाली दुनियां में आज कोई ऐसा देश नही जो युद्ध को रुकवा पाने में समर्थ हो सके। कोई किसी की मध्यस्थता मानने को तैयार नही। पर स्व. सुनील बाबू एक ऐसे व्यक्तित्व के स्वामी थे जिनकी बात पक्ष और विपक्ष दोनों सुनता था। वे सच्चे अर्थों में पंच परमेश्वर थे। मानपुरी ने कहा कि आज देश और दुनिया को ऐसे ही व्यक्तित्व एवं कृतित्व वाले व्यक्ति की जरुरत है।

सारण जिला के हद में सोनपुर नगर पंचायत कार्यालय परिसर स्थित सभागार में नगर पंचायत के प्रथम नगर अध्यक्ष स्व.सुनील कुमार सिंह की 19वीं पुण्यतिथि समारोह को संबोधित करते हुए सहित्यकार मानपुरी ने उपरोक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि स्व सिंह आर्थिक हैसियत होने के बावजूद कभी दिखावा पसंद नही किया। ऐसी सादगी किसी असाधारण व्यक्ति में ही हो सकती है।

नगर पंचायत अध्यक्ष अजय साह ने कहा कि अगले वर्ष से समारोह आयोजित करने के लिए जो कुछ बन पड़ेगा वे अवश्य करेंगे। गीतकार सीताराम सिंह ने कहा कि मृत्यु सत्य और सनातन है। अवध किशोर शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हरिहर क्षेत्र पत्रिका के पुनर्प्रकाशन की अपील की। कांग्रेस नेता वलायत हुसैन ने स्व. सुनील बाबू के अधूरे सपनों को पूरा करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर सोनपुर नगर पंचायत की उपाध्यक्ष अंजली कुमारी, वार्ड सदस्य विभा देवी, सतीश सिंह, कृष्णा, रमण कुमार मालाकर, डॉ. नवल कुमार सिंह अधिवक्ता, सेवानिवृत स्टेशन मास्टर राज किशोर सिंह, सुनील यादव, सत्यनारायण सिंह, सारंगधर प्रसाद सिंह, अधिवक्ता समरजीत, सेवानिवृत अधिकारी महेश्वर, समाजसेवी रामनरेश सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

समाज के निर्माण में महापुरुषों की भूमिका पर परिचर्चा

समारोह के दूसरे चरण में पत्रकार एवं साहित्यकार वीरभूषण यादव ने समाज के निर्माण में महापुरुषों की भूमिका विषयक संगोष्ठी में विषय प्रवेश करते हुए कहा कि भूमिकाओं से बनता है महापुरुष, ऐसी मान्यता है। पर ठीक इसके उलट हम यह कहें कि ऐसे ही नही बनता कोई महापुरुष। हर व्यक्ति अपनी भूमिका स्वयं तय करता है।

उन्होंने भगवान श्रीराम, कृष्ण, बुद्ध, महावीर, अंबेडकर, वाजपेयी आदि सभी को अपने काल के महापुरुष कहा। क्योंकि उन्होंने उस समय की धारा के विपरीत कार्य किया और महापुरुष का जनगण से खिताब पाया। इसलिए समय से डरे नहीं, बल्कि लड़ें।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजय कुमार सिंह ने स्व. सुनील कुमार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज के निर्माण में महापुरुषों की भूमिका विषय पर कहा कि महापुरुष सामाजिक जड़ता खत्म करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। ये विषय इतना व्यापक है कि महीनों तक इस पर चर्चा हो सकती है।

फिलहाल यह कहना ज्यादा प्रासंगिक है कि विपरीत परिस्थितियों में जो अपने संघर्ष के बदौलत समाज को रचनात्मक दिशा दे सकें वे ही महापुरुष हैं। महापुरुष परिवर्तन की दिशा तय करते हैं। संचालन विश्वनाथ सिंह अधिवक्ता ने की।

बैठक एवं परिचर्चा के अंत में सोनपुर नगर पंचायत के प्रथम अध्यक्ष स्व.सुनील कुमार सिंह के अनुज हरिहरक्षेत्र जागरण मंच के संस्थापक अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह द्वारा सभी विद्वानों एवं अतिथियों को अंग- वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, आदि।

जिनमें वर्तमान नगर अध्यक्ष अजय कुमार साह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय कुमार सिंह, साहित्यकार सारंगधर प्रसाद सिंह, पत्रकार एवं साहित्यकार वीरभूषण यादव, गीतकार सीताराम सिंह, सहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी शामिल हैं।

समारोह के अध्यक्ष सुरेन्द्र मानपुरी ने समारोह का संचालन कर रहे विश्वनाथ सिंह अधिवक्ता को अंगवस्त्र से सम्मानित किया। थन्यवाद ज्ञापन अनिल कुमार सिंह ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *