Advertisement

कश्मीर में भारी बारिश, अलर्ट जारी


साभार/ नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश से इलाके की नदियां खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गई हैं। राज्यपाल ने बैठक कर हालात का जायजा लिया। वहीं उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश के अनुमान के साथ कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी दिल्ली और पास के इलाकों में तीन दिन तक छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।

शनिवार को गुजरात, कोंकण, गोवा, जम्मू कश्मीर और मेघालय के तमाम इलाकों में उत्तर पश्चिम मॉनसून का सबसे ज्यादा असर रहने के कारण यहां बेहतर बारिश हुई। इसके बाद मॉनसून का रुख उत्तरी क्षेत्र की ओर हो गया है। मौसम विभाग द्वारा व्यक्त पूर्वानुमान के मुताबिक, एक से छह जुलाई तक मॉनसून की सक्रियता हिमालय के तराई क्षेत्र में रहेगी। इसके परिणामस्वरूप पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र में जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश के उत्तरी इलाकों में अधितर स्थानों और पंजाब, हरियाणा और बिहार के कुछ इलाकों में रविवार से मंगलवार तक मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद आम-जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, राज्य में बाढ़ की घोषणा कर दी गई है। बाढ़ में 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं प्रशासन ने शनिवार को बाढ़ अलर्ट जारी करने के साथ हर हेल्पलाइन स्थापित किए जाने और 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखे जाने के आदेश दिए।

घाटी के सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण कक्ष और हेल्पलाइन स्थापित कर दी गई है। इन जगहों पर संबंधित जिला मैजिस्ट्रेट व्यक्तिगत तौर पर राहत और बचाव तैयारियों में जुटे हुए हैं। निचले इलाकों और पर्वतीय धाराओं से सटे इलाके में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जल स्रोतों के समीप नहीं जाने को कहा गया है। श्रीनगर, अनंतनाग, पुलवामा, कुलगाम और अन्य जगहों के कई निचले इलाकों में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और भीड़-भाड़ वाले आवासीय क्षेत्रों में वर्षा जल जमा हो गया है।

इस बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों तक मॉनसून की छिटबुट बारिश की संभावना जताई गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बादल छाए रहने के कारण तापमान में गिरावट का दौर बरकरार रहने से लोगों को गर्मी से राहत रहेगी। हालांकि इस बीच उमस भरी गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। विभाग ने चार जुलाई से दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में आंशिक बादलों के छाए रहने के बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका के कारण गर्मी में बढ़ोतरी का अनुमान व्यक्त किया है।



Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *