Advertisement

टोंटोगडा के पास सड़क धसी, बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त

प्रस्तावित राष्ट्रीय राज मार्ग की स्थिति दयनीय

सिद्धार्थ पांडेय/जमशेदपुर (झारखंड)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में सारंडा व लौहांचल में पिछले चौबीस घंटे से रूक-रूक कर जारी वर्षा से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ऊंची पहाड़ियों से वर्षा का पानी नीचे उतरने से प्राकृतिक नदी-नालों का जल स्तर बढ़ गया है। तमाम नदी-नालें उफान पर है।

जानकारी के अनुसार बड़ाजामदा और सारंडा के नीचे के क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं अनेक रहिवासियों के छत से पानी घरों में प्रवेश करते देखा गया। किरीबुरु स्थित फुटबॉल मैदान से सटे सड़कों पर भी जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालांकि वर्षा के दौरान कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

दूसरी तरफ पिछले कुछ दिनों के दौरान हुई बारिश की वजह से सैडल गेट से मनोहरपुर जाने वाली मुख्य सड़क मार्ग पर टोंटोगड़ा गांव के समीप प्रस्तावित राष्ट्रीय राज मार्ग की लगभग 20 फीट सड़क पहले हीं धंस चुकी थी। प्रशासन ने इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पहले से वर्जित कर दिया है।

सड़क लगातार जमींदोज होता जा रहा है। जिससे इस मार्ग पर छोटे वाहनों का आवागमन भी ठप होने की संभावना बनी हुई है। पथ निर्माण विभाग से जुड़े अधिकारी ने धंसान वाली सड़क की घेराबंदी तो कर दी है, लेकिन पिछले एक माह से इस सड़क की मरम्मती व धंसान वाले स्थान पर गार्ड वाल का निर्माण अब तक प्रारम्भ नहीं कराया गया है। इससे रहिवासियों एवं राहगीरों में नाराजगी बढ़ रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *