Advertisement

ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों का चयन शुरू

बोकारो। झारखंड राज्य स्पोर्टस प्रमोशन सोसाईटी (जेएसएसपीएस) के तत्वाधान में 15 खेल विद्याओं में प्रतिभाशाली बच्चों के चयन ट्रायल शुक्रवार से चंदनकियारी में प्रारंभ हुआ। प्रतिभा चयन ट्रायल के पहले दिन 6,819 प्रतिभागियों ने अपना निबंधन दर्ज कराया। चंदनकियारी के हाई स्कूल मैदान में 8 से 12 आयुवर्ग के बच्चों ने खेल विशेषज्ञों के समक्ष अपना ट्रायल दिया।

बच्चों के ट्रायल कार्यक्रम के दौरान अमर कुमार बाउरी, माननीय खेल मंत्री, झारखंड सरकार ने भी बच्चों के ट्रायल कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उनके मार्ग दर्शन में जेएसएसपीएस के प्रशिक्षकों एवं जिला खेल संघ के सदस्यों ने ट्रायल कार्यक्रम को सफलता पूर्वक संपादित किया। वहीं प्रतिभा चयन ट्रायल के दौरान सीसीएल के सौजन्य से सभी बच्चों के लिए खिचड़ी की भी व्यवस्था की गई थी।

गौरतलब है कि प्रतिभा ट्रायल कार्यक्रम के दूसरे दिन 09 दिसंबर शनिवार को मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम, बोकारो में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जिला खेल पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिभा चयन ट्रायल की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में 17 दिसंबर तक प्रतिभा चयन ट्रायल का आयोजन विभिन्न तिथि में किया जाएगा।

बताते चले कि झारखंड राज्य स्पोर्टस प्रमोशन सोसाईटी सीसीएल और झारखंड सरकार की संयुक्त इकाई है। जेएसएसपीएस के सचिव विक्रांत मलहान के अनुसार चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर के चयन प्रक्रिया से गुजरेंगे तथा अंतिम रूप से चयनित होने पर भविष्य में ओलंपिक मेडल हेतु राँची में प्रशिक्षित किये जाएंगे। उनके अनुसार 15 खेल विद्याओं यथा एथेलेटिक्स, ताईक्वाण्डों, कुश्ती, तीरंदाजी, फुटबॉल, बेडमिंटन, टेबल-टेनिस, शूटिंग, भरोतोलन, जूडो, तैराकी, हॉकी, साइकलिंग, डाईविंग, एवं बोक्सिंग हेतु प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा।

प्रतिभा चयन ट्रायल के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चास सतीश चन्द्रा, जिला खेल पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी महिप कुमार सिंह, चंदनकियारी प्रखंड प्रमुख हर्षिता रजवार, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष श्री लोकेश साहनी, प्रखंड विकास पदाधिकारी रविन्द्र कुमार गुप्ता, जेएसएसपीएस के अशोक कुमार वर्मा, अंशु भाटिया सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *