मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मुंबई में भारी बारिश के बाद अब हालात सुधरने लगे है। मंगलवार को हुई भारी बारिश के चलते अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। शहर की सड़कें बारिश के पानी से लबालब भरे होने से खुले मैनहोल लोगों के लिए जानलेवा साबित हुए हैं। इस बीच शहर के नामी डॉक्टर दीपक अमरापुरकर के लापता होने की खबर मिली है।
वह मंगलवार की शाम 6:45 बजे से लापता बताए जा रहे हैं। सीनियर डॉक्टर दीपक अमरापुरकर को आखिरी बार बॉम्बे हॉस्पिटल से लौटते वक्त देखा गया था। पुलिस ने उनके लापता होने का केस दर्ज कर लिया है। उनके मैनहोल में गिरने की भी आशंका जताई जा रही है।
डॉक्टर की भतीजी पल्लवी गोडबोले ने बताया, ‘उन्होंने ड्राइवर से कहा था कि वह कार को घर ले जाए और वह यह सोचकर ही पैदल ही घर के लिए निकले थे कि 10 मिनट में घर पहुंच जाएंगे। वह जहां पर थे, वहां से हमारा घर सिर्फ 10 मिनट की दूरी पर है।’ लोअर परेल में स्थित इंडिया बुल्स के नजदीक उनका छाता पाए जाने के बाद संदेह और गहरा हो गया है।
परिवार के लोगों को आशंका है कि संभवत: सड़क पर पानी भरे होने के चलते वह मैनहोल में गिर गए होंगे। पुलिस ने डॉक्टर के लापता होने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बीच दादर के मटकर रोड पर खुले पड़े एक मैनहोल में एक व्यक्ति के गिरकर मरने की खबर है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
![]()












Leave a Reply