Advertisement

वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप के प्री-क्‍वार्टर फाइनल में साइना

विश्‍व बैडमिंटन चैंपियनशिप के प्री-क्‍वार्टर फाइनल में साइना नेहवाल ने अपनी जगह बना ली है। ओलिंपिक खेलों की कांस्‍य पदक विजेता साइना नेहवाल ने अपने दूसरे दौर के मुकाबले में स्विट्जरलैंड की सबरीना जैकेट को पराजित किया। साइना को इस मैच को जीतने में बहुत ज्‍यादा परेशानी नहीं हुई। उन्‍होंने 21-11, 21-12 से यह मैच अपने नाम किया।

12वीं वरीयता प्राप्‍त साइना ने पूरे मैच के दौरान शानदार प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिद्वंद्वी को संघर्ष करने का जरा भी मौका नहीं दिया। बता दें कि साइना से पहले भारत की पीवी सिंधु भी प्रतियोगिता के प्री. क्‍वार्टर फाइनल में स्‍थान बना चुकी हैं। मैच को जीतने में साइना को महज 33 मिनट का वक्‍त लगा। उधर, पुरुष वर्ग में भारत की बी.साई प्रणीत भी प्री. क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्‍होंने एंथोनी गिनटिंग को 14-21,21-18, 21-19 से पराजित किया। विश्‍व बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय शटलरों के शानदार प्रदर्शन का दौर जारी है।

साइना ने आज के मुकाबले में जबर्दस्‍त फॉर्म दिखाया। अपने ड्रॉप शाट्स से उन्‍होंने विपक्षी को कई बार मुश्किल में डाला। इससे पहले, मंगलवार को देश की स्‍टार खिलाड़ी पीवी सिंधु ने अपना मैच जीतने हुए प्री. क्‍वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत के लिए पदक की उम्‍मीद मानी जा रही सिंधु ने टूर्नामेंट के तीसरे दौर के मुकाबले में दक्षिण कोरिया की किम हाओ मिन को 21-16, 21-14 से शिकस्‍त दी थी।

मिश्रित युगल वर्ग में दो असफलताओं के बाद भारत को एक जीत हाथ लगी है। भारतीय जोड़ी प्रणव जैरी चोपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी ने तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। मिश्रित युगल वर्ग में प्रणव और सिक्की की जोड़ी ने मलेशिया के योगेंद्र कृष्णन और प्राजक्ता सावंत की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-12, 21-19 से मात दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *