Advertisement

राजकुमार राव का यह लुक देखकर दंग रह जाएंगे

बॉलिवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और कृति सैनन स्टारर फिल्म ‘राब्ता’ की पहली झलक आने के बाद एक बार फिर से सुशांत और कृति के मोहब्बत की खबरें सुर्खियों में हैं। वैसे इस फिल्म के ट्रेलर में एक बेहद छोटी सी झलक नैशनल फिल्म अवॉर्ड विजेता राजकुमार राव की भी है, राजकुमार का लुक फिल्म में इतना अलग और अनोखा है कि पहली झलक में लाख कोशिश करने के बाद भी कोई उन्हें पहचान नहीं पाया।

बॉलिवुड में अपनी बेहतरीन अदाकारी का लोहा मनवा चुके राजकुमार राव कि पिछले दिनों फिल्म ‘ट्रैप्ड’ रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं किया था लेकिन राजकुमार के अभिनय की तारीफ जरूर हुई। अब राजकुमार ‘राब्ता’ में अपने लुक को लेकर खबरों में हैं। उन्होंने ट्विटर पर अपने इस अनोखे लुक की तस्वीर शेयर की है जिसे देखकर आप भी दंग रह जाएंगे।

फिल्म ‘राब्ता’ में राजकुमार राव 324 साल के बूढ़े आदमी का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर में राजकुमार राव की मुश्किल से एक सेकंड की झलक है। राजकुमार के ‌इस लुक के लिए फिल्म के निर्माता दिनेश विजन ने हॉलिवुड से खास मेकअप आर्टिस्ट को बुलाया था। राजकुमार को 324 साल के बूढ़े व्यक्ति का लुक देने के लिए पूरे 6 घंटे का समय लगता था। दिनेश विजन की माने तो राजकुमार ने इस रोल के लिए अपना बॉडी पॉस्चर और आवाज तक बदल लिया था। इस रोल के लिए राजकुमार ने अपने शरीर पर टैटू भी गुदवाए हैं।

राजकुमार राव ने अपने लुक के बारे में बताते हुए कहा, ‘जब इस लुक के लिए मेकअप किया जाता था मेकअप के मोटे परत के अंदर मैं पसीने से भीग जाता था। मेकअप के दौरान बेहद धैर्य की जरुरत थी। लेकिन यह रोल बेहद मजेदार था जिसे निभाते समय मुझे बहुत मजा आया। फिल्म में मेरा रोल छोटा जरूर है लेकिन दमदार है। फिल्म के निर्माता दिनेश और निर्देशक होमी ने मुझे इस किरदार को निभाने के लिए पूरी आजादी दी थी।’

फिल्म ‘राब्ता’ को निर्देशक होमी अदजानिया, भूषण कुमार और दिनेश विजन ने मिलकर प्रड्यूस किया है। इस फिल्म का म्यूजिक प्रीतम ने दिया है और यह फिल्म 9 जून को रिलीज होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *