Advertisement

सोनपुर प्लानिंग एरिया का दायरा हुआ 798.94 वर्ग किमी, दूसरी बार किया गया विस्तार

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों के सुनियोजित विकास की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने सोनपुर प्लानिंग क्षेत्र का दूसरी बार विस्तार करते हुए नया आदेश जारी कर दिया है।

जानकारी के अनुसार इस नए विस्तार के तहत 199.94 वर्ग किलोमीटर के नए क्षेत्र को प्लानिंग एरिया में शामिल किया गया है। इसके साथ ही सोनपुर प्लानिंग एरिया का कुल दायरा बढ़कर अब 798.94 वर्ग किलोमीटर हो गया है, जबकि पहले से अधिसूचित क्षेत्र का रकबा 589 वर्ग किलोमीटर था।
विभागीय आदेश के अनुसार, इस विस्तारित परिक्षेत्र में शहरी और शहरी क्षमता वाले ग्रामीण इलाकों को जोड़ा गया है।

इसमें अमनौर, मकेर, परसा, दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर और गड़खा प्रखंडों के नए राजस्व गांव शामिल किए गए हैं। इसके अलावा सोनपुर, दिघवारा और परसा नगर पंचायत भी इस आयोजना क्षेत्र का हिस्सा होंगे। यह पूरा विस्तार बिहार शहरी योजना तथा विकास अधिनियम- 2012 और इससे संबंधित नियमावली के तहत किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी 20 वर्षों या आवश्यकतानुसार उससे अधिक अवधि के लिए एक समेकित मास्टर प्लान तैयार करना है।

इसके माध्यम से क्षेत्र में आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और अन्य शहरी गतिविधियों का व्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही सड़क, जलापूर्ति, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। गौरतलब है कि सोनपुर आयोजना क्षेत्र की पहली अधिसूचना 31 जनवरी 2023 को जारी की गई थी। इसके पश्चात 20 मई 2025 को पहली बार इसका विस्तार किया गया था और अब यह इसका दूसरा चरण है। पहले से अधिसूचित क्षेत्र: 589 वर्ग किमी, दूसरे विस्तार में जुड़ा क्षेत्र: 199.94 वर्ग किमी, कुल आयोजना क्षेत्र: 798.94 वर्ग किमी। शहरी क्षेत्र: 36.71 वर्ग किमी, ग्रामीण क्षेत्र: 762.23 वर्ग किमी। कुल प्रखंड 7 (अमनौर, मकेर, परसा, दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर और गड़खा)। कुल राजस्व गांव: 575।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *