Advertisement

साहित्य समाज का दर्पण, नशे के जाल से युवाओं को बचाना राष्ट्रीय दायित्व-नित्यानंद राय

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर की पावन धरती 25 अक्टूबर को साहित्य, कला और वैचारिक चेतना के अनूठे संगम से सराबोर नजर आई।

हरिहर क्षेत्र चेतना मंच के तत्वावधान में सोनपुर नगर के गज – ग्राह चौक स्थित संगत ग्रैंड के सभागार में आयोजित भव्य हरिहर क्षेत्र साहित्य उत्सव में देश और क्षेत्र के प्रतिष्ठित साहित्यकारों का महाकुंभ देखने को मिला। समारोह का मुख्य आकर्षण चार विशिष्ट और चर्चित पुस्तकों का विमोचन रहा। अतिथियों के कर-कमलों से जिन पुस्तकों का लोकार्पण किया गया, उनमें युग चेतना एवं शब्द संस्कृति (साहित्य उत्सव ग्रंथ), महेंद्र प्रताप की मेरी यूरोप यात्रा, जितेन्द्र कुमार सिंह की नीली आँखों का मायाजाल, पत्रकार अवध किशोर शर्मा की हरिहर महाक्षेत्र (अतीत और वर्तमान) शामिल है। इन पुस्तकों के लोकार्पण के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और साहित्यप्रेमियों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया।

समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि हरिहर क्षेत्र सिद्धि की भूमि है, जहां हर काज सिद्ध होता है। साहित्य को समाज का सच्चा दर्पण बताते हुए उन्होंने कहा कि साहित्य का नशा दुनिया का सबसे बड़ा नशा है। एक कविता पूरे मन को झकझोर देती है और एक कहानी समाज की पूरी सोच बदल देती है।

युवाओं को नशे से दूर रहने की कड़ी नसीहत देते हुए केंद्रीय मंत्री राय ने गंभीर चिंता जताई। कहा कि नारकोटिक्स महज एक नशा नहीं, बल्कि देश के खिलाफ एक गहरी विदेशी साजिश है। इतिहास का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों ने हमारे प्राचीन मंदिर तोड़े, साहित्य को मिटाया और इतिहास बदलने की साजिश रची, लेकिन वे हमारी सनातन आस्था को नहीं मिटा सके। आज वही ताकतें नशे के जाल में देश के युवाओं को फंसाकर राष्ट्र को कमजोर करना चाहती हैं।

अपराध और नशीले पदार्थों के खिलाफ बने नए कानूनों का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने बड़े कारोबारियों और तस्करों को मुख्य दोषी मानकर सबसे कड़ी सजा का प्रावधान किया है, जबकि कम मात्रा में सेवन करने वाले भटके युवाओं को सुधरने का पूरा अवसर दिया जाएगा। साथ ही, पुलिस प्रशासन को हर मामले में गहराई से तहकीकात करने के कड़े निर्देश दिए गए।

समारोह को लालगंज विधायक संजय सिंह एवं सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप ने जबकि मंच का कुशल और जीवंत संचालन सुरेंद्र मानपुरी द्वारा किया गया। इस साहित्यिक आयोजन ने सोनपुर की सांस्कृतिक विरासत में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *