Advertisement

बीएसएल के सभी गेट खुले, संयंत्र का संचालन सुचारु, उपायुक्त ने की समीक्षा

बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने पर होगी विधि-सम्मत कार्रवाई

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विधि-व्यवस्था संधारण, सामान्य आवागमन एवं बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के सुचारु संचालन को लेकर 25 अक्टूबर को बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, एएसपी वेदांत शंकर, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार, डीएसपी सिटी राजीव रंजन एवं थाना प्रभारी बी.एस. सिटी ममता कुमारी उपस्थित रहे।

बताया जाता है कि उक्त बैठक में वर्तमान विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने, सामान्य आवागमन सुनिश्चित करने तथा संयंत्र के निर्बाध संचालन के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया गया कि बोकारो इस्पात संयंत्र के सभी गेट खुले हैं और संयंत्र का संचालन सुचारु रूप से जारी है। सभी गेटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी गेट खुले रहें तथा संयंत्र के सामान्य संचालन एवं आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो।

समीक्षा बैठक में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पर धरना-प्रदर्शन अथवा विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने से पूर्व सक्षम प्राधिकार से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। बिना पूर्व अनुमति के सार्वजनिक स्थल पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं बीएसएल के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *