Advertisement

दो बाइकों की जोरदार टक्कर में शिक्षक की मौत, दो घायल

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार-तेनुघाट मुख्य पथ पर पेटरवार थाना क्षेत्र के टेना झील के समीप 19 अक्टूबर की दोपहर लगभग 1:30 बजे दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेटरवार थाना क्षेत्र के 45 वर्षीय झिरके गांव रहिवासी शिक्षक गणेश महतो छत्रु राम महतो चौक पर अपनी पत्नी और बेटे को रांची जाने के लिए वाहन में बैठाने के बाद तेनु रोड स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इस दौरान घर की ओर मुड़ने के लिए जैसे ही उन्होंने अपनी बाइक मोड़ी, तभी ओरदाना पंचायत के बंगा गांव रहिवासी अशोक कुमार तेनु रोड स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर पेटरवार की ओर आ रहे थे। उनकी बाइक पर उसी गांव के घनश्याम करमाली भी पीछे बैठे थे। इसी बीच अशोक कुमार की बाइक गणेश महतो की बाइक से जोरदार टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शीयो के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पेटरवार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ कुंदन राज ने गंभीर रूप से घायल गणेश महतो और अशोक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं, घनश्याम करमाली को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे में गणेश महतो और अशोक कुमार के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। गणेश महतो को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था कि इलाज के दौरान निधन हो गया। शिक्षक की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *