Advertisement

एसआईआर को ले प्रखंडों में बनेंगे हेल्प सेंटर, समस्याग्रस्त क्षेत्रों में विशेष शिविर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला में एसआईआर-2026 को लेकर जिला समाहरणालय में 28 सितंबर को जिला मतदान पदाधिकारी सह उपायुक्त (डीईओ-सह-डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में डीसी ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड स्तर पर हेल्प सेंटर बनाए जाएं। जरूरत के अनुसार एक से अधिक हेल्प सेंटर भी स्थापित किए जा सकेंगे। इन केंद्रों पर मतदाताओं को प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने तथा दस्तावेजों की कमी और अन्य समस्याओं की जानकारी लेने का निर्देश दिया। कहा कि प्राप्त मामलों को संबंधित स्तर पर कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। वहीं एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ को दोपहर बाद क्षेत्र भ्रमण कर बीएलओ के कार्यों की निगरानी करने को कहा गया। कहा कि जिन क्षेत्रों में एसआईआर से संबंधित अधिक समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

डीसी ने राजनीतिक दलों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और पारदर्शिता पर जोर दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *