क्षेत्र के 16 ग्राम संगठनों से जुड़ी 23 उत्कृष्ट कार्यकर्ता सम्मानित
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के भरपुरा महरानी चौक स्थित शैलपुत्री जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम वार्षिक आम सभा 27 सितंबर की संध्या आयोजित की गई। दीप प्रज्वलित कर सभा का शुभारंभ जिला से आए अधिकारियों एवं सीएलएफ के निदेशक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया।
सभा में समिति से जुड़ी सैकड़ों जीविका दीदियों ने भाग लिया। इस दौरान समिति की विगत वर्ष की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गयी। जीविका अधिकारियों ने महिलाओं को महिला सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन, आजीविका संवर्धन और सामुदायिक विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाओं की भूमिका ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही परिवार और समाज के आर्थिक विकास में अहम है।
सभा में महिलाओं ने अपनी समस्याएं भी खुलकर रखी। प्रमुख मांगों में परिचय पत्र उपलब्ध कराना, बढ़ती महंगाई को देखते हुए मानदेय में वृद्धि, स्वास्थ्य कार्ड, महंगाई भत्ता, योग्यता व अनुभव के आधार पर पदोन्नति, विभाग की ओर से मोबाइल और रिचार्ज भत्ता देना शामिल रहा। साथ ही बैंक ऋण की पूर्ण अदायगी के बाद एनओसी देने की भी मांग की गई। अधिकारियों ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के 16 ग्राम संगठनों से जुड़ी 23 उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इसमें सीएम, बुक कीपर, बैंक मित्र, वीआरपी सहित विभिन्न कैडर की महिलाएं शामिल थीं। इस अवसर पर जीविका जिला कार्यालय से मुकेश, विजय लक्ष्मी, माया, बीपीआईयू सोनपुर के सहायक अवधेश कुमार, संतोष कुमार, कृष्णा चौधरी, अर्चना कुमारी, सामुदायिक समन्वयक सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद थी।
![]()













Leave a Reply