Advertisement

सीसीएल विद्या सारथी का शुभारंभ, 400 छात्रों के लिए दो वर्षों तक निःशुल्क प्रशिक्षण

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कोल इंडिया की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की सीएसआर पहल सीसीएल विद्या सारथी-2026 का शुभारंभ सीसीएल के लाल हॉस्टल गांधीनगर रांची में किया गया। इसी के साथ सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में स्थित सभी 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों पर भी इस पहल की शुरुआत की गयी।

सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग द्वारा 27 सितंबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार सीसीएल विद्या सारथी के अंतर्गत 400 विद्यार्थियों को दो वर्षों तक निःशुल्क जेईई/नीट प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विषयगत प्रशिक्षण, अध्ययन सामग्री, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, नियमित टेस्ट एवं मूल्यांकन तथा निरंतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उन्हें बेहतर ढंग से तैयार करना और उनके सपनों को सही दिशा प्रदान करना है।

कहा गया कि इस पहल के लिए सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में स्थित 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण केंद्र कुजू, बरकाकाना, ढोरी, गिरिडीह, रजरप्पा, कथारा, राँची, अरगडा, हजारीबाग एवं पिपरवार में स्थित हैं। जिसमें राँची केंद्र में 60 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता एवं अभिभावकों के साथ उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में अपने भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। मिश्र ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वही पंकज कुमार ने कहा कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। प्रशिक्षण शुभारंभ कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) एस एस लाल, महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर, नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन (एनसीएसएम) के प्रतिनिधिगण तथा सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाडली के फैकल्टी मेंबर्स सहित सीसीएल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि, नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन (एनसीएसएम) के सहयोग से संचालित यह पहल सीसीएल के कमांड क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को जी/नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सीएसआर प्रयास है। इसके माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से विभिन्न पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने का सार्थक प्रयास है।

सीसीएल अपने विभिन्न सीएसआर एवं शैक्षणिक पहलों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के कल्याण तथा विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कंपनी द्वारा विद्यार्थियों के करियर और प्रशिक्षण को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही विभिन्न योजनाएं न केवल विद्यार्थियों और उनके परिवारों के लिए अवसरों का विस्तार कर रही हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में भी सकारात्मक एवं गुणात्मक बदलाव की आधारशिला रख रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *