Advertisement

बारिश का सितम: दुर्गा पूजा की तैयारियों पर ब्रेक, तिरपाल के सहारे प्रतिमा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में लगातार हो रही बारिश ने दुर्गा पूजा की तैयारियों की रफ्तार धीमी कर दी है। पूजा में अब कम समय बचा है, लेकिन मूर्तिकारों के सामने प्रतिमाओं की फिनिशिंग से लेकर मिट्टी सुखाने तक कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।

ज्ञात हो कि, कभी तेज बारिश तो कभी उमस भरी गर्मी के कारण प्रतिमाओं को सुरक्षित रखना मुश्किल हो रहा है। कई जगह तिरपाल के नीचे पानी टपकने से कारीगरों को अतिरिक्त इंतजाम करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार महावीर चौक के पास जोरिया पुल के ऊपर प्रतिमाएं तैयार कर रहे पश्चिम बंगाल रहिवासी मूर्तिकार राजू पाल भी बारिश से परेशान हैं। उनका कहना है कि प्रतिमाओं को सुखाने के लिए कभी बाहर निकालना पड़ता है तो बारिश शुरू होते ही उन्हें दोबारा अंदर करना पड़ता है। तिरपाल के नीचे लगातार नमी बनी रहने से काम प्रभावित हो रहा है। पुआल और मिट्टी भी ठीक से नहीं सूख पा रही है।

मूर्तिकारों के अनुसार बारिश के कारण देवी दुर्गा व् अन्य प्रतिमाओं के लिए मिट्टी लाने में भी परेशानी हो रही है। जिन स्थानों पर अच्छी मिट्टी मिलती है, वहां तक बारिश के कारण ट्रैक्टर पहुंचना मुश्किल हो रहा है। इससे मिट्टी की व्यवस्था में समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। प्रतिमाओं के ढांचे और फिनिशिंग के काम में भी नमी बाधा बन रही है।

लगातार बारिश के कारण मूर्तिकारों को प्रतिमाओं और सजावट की सामग्री को बचाने के लिए अतिरिक्त तिरपाल, प्लास्टिक सीट, पंखे और अन्य साधनों की व्यवस्था करनी पड़ रही है। महावीर चौक के पास वर्कशॉप में पानी भरने की आशंका को देखते हुए मोटर लगाकर पानी निकाला जा रहा है। बारिश से खराब हुई सामग्री को दोबारा तैयार करने में अतिरिक्त समय और लागत लग रही है। कारीगरों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती समय पर प्रतिमाओं को तैयार कर पूजा समितियों तक पहुंचाना है। बारिश जारी रही तो काम में देरी के साथ प्रतिमाओं की लागत बढ़ने की भी आशंका है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *