बेघर परिवारों को तत्काल राहत राशि, राशन, तिरपाल और सुरक्षित आश्रय की मांग
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। लगातार तीन दिनों से झारखंड के विभिन्न जिलों में भारी बारिश से गरीब परिवारों के कच्चे मकान गिरने और उनके बेघर होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नायक ने 26 सितंबर को कहा कि जिन गरीब परिवारों के मकान बारिश में गिर गए हैं, उनके लिए यह केवल मकान का नुकसान नहीं, बल्कि सिर से छत और पूरी गृहस्थी उजड़ने की त्रासदी है। उन्होंने कहा कि सरकार को कागजी प्रक्रिया में देरी किए बिना प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि 72 घंटे के भीतर प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर ध्वस्त मकानों का सत्यापन किया जाए और बेघर परिवारों को तत्काल राहत राशि, राशन, तिरपाल, पेयजल, दवाइयां और सुरक्षित अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराया जाए। साथ हीं पूरी तरह ध्वस्त मकानों वाले परिवारों को मुआवजा और प्राथमिकता के आधार पर पक्का आवास दिया जाए।
नायक ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन राहत कार्यों की सीधी निगरानी करें तथा राहत पाने वाले परिवारों की सूची सार्वजनिक करें, ताकि कोई जरूरतमंद परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में गरीब परिवारों को राहत देना सरकार की कृपा नहीं, बल्कि जवाबदेही है। प्रभावितो को तत्काल राहत और सम्मानजनक पुनर्वास मिलना चाहिए।
![]()













Leave a Reply