Advertisement

केंद्रिय विद्यालय बोकारो थर्मल में द्वितीय निपुण बैठक का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 25 सितंबर को रांची संभाग की द्वितीय निपुण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) को मजबूत करने, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की समीक्षा करने तथा प्राथमिक एवं प्रारंभिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रभावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त सुजाता मिश्रा रहीं। कार्यक्रम की मेजबानी केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के प्राचार्य डॉ बी. आर. डे एवं वरिष्ठ प्राथमिक शिक्षिका विभा रानी श्रीवास्तव ने की। बैठक में रांची संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए प्राचार्यों एवं हेडमास्टर्स ने भाग लिया। जबकि, उपायुक्त एस. वी. जोगलेकर भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

बैठक में केंद्रीय विद्यालय क्रम एक धनबाद, केंद्रीय विद्यालय क्रम दो धनबाद, केंद्रीय विद्यालय मैथन डैम, केंद्रीय विद्यालय क्रम एक बोकारो, केंद्रीय विद्यालय बरकाथा, केंद्रीय विद्यालय कोडरमा, केंद्रीय विद्यालय हजारीबाग, केंद्रीय विद्यालय धनवार, केंद्रीय विद्यालय चंद्रपुरा, केंद्रीय विद्यालय गिरिडीह, केंद्रीय विद्यालय गोमो (धनबाद) तथा केंद्रीय विद्यालय क्रम तीन बोकारो सहित संभाग के विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक की शुरुआत औपचारिक स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण के साथ सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य के साथ प्राचार्य डॉ बलराम डे द्वारा स्वागत भाषण से किया गया। प्राचार्य डॉ डे ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए पहली बार केंद्रीय विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन हेतु उपायुक्त एवं सहायक आयुक्त का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके पश्चात पिछली बैठक के एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की गई।

जिसमें सत्र 2026-27 के आकलन ढांचे से संबंधित बीते 23 जुलाई के पत्र के संदर्भ में चर्चा करते हुए समागम पोर्टल पर एफelen असेसमेंट एवं एचपीसी से संबंधित नवीन अपडेट पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कम्पीटेंसी-बेस्ड क्वेश्चन पेपर के निर्माण की प्रक्रिया एवं आवश्यक शैक्षणिक दृष्टिकोण पर भी चर्चा की गयी।

बैठक में कक्षा पांच के पीटी वन के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं सीखने में आने वाली कठिनाइयों को चिन्हित करने पर जोर दिया गया। कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडीअल इंटरवेंशन्स एवं उनकी सीखने की आवश्यकताओं के अनुरूप शैक्षणिक रणनीतियां अपनाने पर विचार किया गया। विद्यार्थियों की उपस्थिति में सुधार के लिए विद्यालय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों और आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गयी।

बैठक में इसके अलावा अंग्रेजी विषय में निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति, अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देने तथा कक्षा-कक्ष में प्रभावी एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर विशेष बल दिया गया। कहानी से कलम तक कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों में रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल के विकास पर भी विचार साझा किए गए।

बैठक के दूसरे सत्र में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता, विद्यालयों में अपनाई जा रही श्रेष्ठ शैक्षणिक पद्धतियों तथा सीडब्ल्यूएसएन विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सहयोग एवं समावेशी वातावरण उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गयी। साथ ही पीएमश्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विद्यालय स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों एवं गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों एवं हेडमास्टर्स ने अपने अनुभव, प्रभावी कार्यप्रणालियां एवं सुझाव साझा किए। अंत में अध्यक्ष की अनुमति से खुले विचार-विमर्श के माध्यम से अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। द्वितीय निपुण बैठक ने एफएलएन एवं निपुण लक्ष्यों की प्रभावी प्राप्ति, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार, अनुभवात्मक एवं दक्षता-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों के बीच शैक्षणिक अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। समापन सभी विद्यालयों द्वारा गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा के लिए निरंतर सामूहिक प्रयास करने के संकल्प के साथ किया गया।

प्राचार्य डॉ डे द्वारा धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु समस्त अधिकारियों, विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं समस्त कर्मचारियों के साथ साथ विशेष रूप से विद्यालय के अध्यक्ष डीवीसी बोकारो थर्मल के परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया को साधुवाद देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा। इस दौरान विद्यालय कि और से सुबह का नास्ता, दोपहर का भोजन एवं शाम की चाय की व्यवस्था की गयी थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *