दुःख की घड़ी में भी संकल्प को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी-अजय नाथ झा
प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 25 सितंबर को कहा कि झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम का आयोजन कुछ समय पूर्व किया जाना था, लेकिन विभिन्न परिस्थितियों के कारण इसकी तिथि लगातार टलती रही। उन्होंने कहा कि आज जब यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, उस समय पूरा राज्य एक अत्यंत दुखद घटना से व्यथित है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की प्रेरणास्रोत राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री का दु:खद निधन हुआ है। इस समय वे स्वयं गहरे दुःख में हैं। वहीं, चार बच्चों के निधन की घटना ने भी पूरे राज्य को मर्माहत कर दिया है। कहा कि ऐसी विषम परिस्थिति में कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर उनके मन में भी दुविधा थी, लेकिन उन्हें लगा कि जिस उद्देश्य और संकल्प की नींव मंत्री ने बीते 30 जुलाई को रखी थी, उसे किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं छूटने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को मजबूत करने का संकल्प है। कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार और पूरे समाज से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निरंतर प्रयास करना आवश्यक है।
उपायुक्त झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा समाज और प्रशासन की हमेशा प्राथमिकता रहेगी। दुःख की इस घड़ी में भी सड़क सुरक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाना दिवंगत बच्चों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
![]()













Leave a Reply