हरिहरक्षेत्र मेला की विरासत पर बनेगी डॉक्यूमेंट्री, कलाकारों को मिलेगा मंच
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला पदाधिकारी के आदेश पर उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी की अध्यक्षता में 24 सितंबर को जिला मुख्यालय छपरा स्थित डीडीसी कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में हरिहरक्षेत्र मेले के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कलाकारों की सहभागिता और मेले की ऐतिहासिक विरासत को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने पर विस्तृत चर्चा की गयी। बैठक में निर्णय लिया गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के इच्छुक कलाकार आगामी 15 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। विभिन्न विधाओं के कलाकार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा कर सकेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्थानीय और उभरते कलाकारों को प्राथमिकता के आधार पर मंच प्रदान किया जाए।
इसके साथ ही बैठक में सोनपुर मेले के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कहा गया कि मेले के इतिहास से लेकर वर्तमान स्वरूप और बदलते सामाजिक-सांस्कृतिक परिदृश्य में इसकी भूमिका को दर्शाती एक वीडियो डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी। साथ ही मेले की विरासत, प्रमुख स्थलों, लोक कला और परंपराओं को समेटते हुए एक कॉफी टेबल बुक भी प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि गत वर्ष की तर्ज पर ही इस वर्ष भी सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिसमें अपनी विरासत और सांस्कृतिक पहचान की झलक स्पष्ट रूप से दिखे। बैठक में कार्यक्रमों को विविधतापूर्ण और आकर्षक बनाने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया।
![]()













Leave a Reply