अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल ने परिचालन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंडल ने पूरे भारतीय रेलवे में ट्रेनों के समयबद्ध संचालन यानी पंक्चुअलिटी में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मंडल कार्यालय सोनपुर के अनुसार यह सफलता सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन के कुशल मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रौशन कुमार के प्रभावी निर्देशन में मिली है। कहा गया कि बेहतर ट्रेन मॉनिटरिंग, रीयल- टाइम नियंत्रण, क्रू एवं रेक के बेहतर प्रबंधन और सभी विभागों के आपसी समन्वय से यह लक्ष्य हासिल हो सका है।
सोनपुर मंडल रेल प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय अधिकारियों, नियंत्रकों, स्टेशन प्रबंधकों, लोको पायलट, गार्ड, तकनीकी और परिचालन विभाग के सभी रेलकर्मियों के समन्वित प्रयासों को दिया है। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने 22 सितंबर को केक काटकर सभी रेलकर्मियों को साधुवाद दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम की निष्ठा, अनुशासन और यात्रियों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने भविष्य में भी सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध रेल सेवा को बनाए रखने का आह्वान किया। मौके पर दर्जनों अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply