Advertisement

कसमार के युवा बबलु कुमार महतो आईवाइसी के बने प्रतिनिधि

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के युवा बबलु कुमार महतो को 14वें अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन (आईवाइसी) के लिए प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया गया है। सम्मेलन का आयोजन आगामी 22 से 25 सितंबर तक संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में किया जा रहा है। बबलु सम्मेलन में आभासी माध्यम से भाग लेंगे।

बताया जाता है कि आईवाइसी का मुख्य विषय युवा और वैश्विक शासन का भविष्य है। आयोजकों की ओर से भेजी गई जानकारी के अनुसार उक्त सम्मेलन में 197 देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका, वैश्विक शासन, तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता, युवा नेतृत्व, शिक्षा, शांति, मानवाधिकार, पर्यावरणीय लचीलापन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विभिन्न विषयों पर सत्र, पैनल चर्चा और कार्यशाला शामिल हैं।

ज्ञात हो कि, कसमार रहिवासी बबलु कुमार महतो प्राकृतिक रक्षण के संस्थापक हैं और पर्यावरण संरक्षण तथा युवा सहभागिता से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। उनके संगठन की गतिविधियों में युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण समुदायों के बीच पर्यावरण के प्रति जागरूकता तथा भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाता है। आईवाइसी के दौरान बबलु विभिन्न आभासी सत्रों, कार्यशालाओं और संवादात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।

सम्मेलन के माध्यम से उन्हें विभिन्न देशों से जुड़े युवा प्रतिभागियों के विचारों और अनुभवों को जानने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युवा पहलों को समझने का अवसर मिलेगा। अपनी सहभागिता को लेकर बबलु ने 19 सितंबर को कहा कि “आईवाइसी 14 जैसे अंतरराष्ट्रीय युवा मंच से जुड़ना उनके लिए सीखने और नए विचारों को समझने का अवसर है।

वे सम्मेलन में युवाओं की विभिन्न पहलों और वैश्विक मुद्दों पर होने वाली चर्चाओं से सीखने का प्रयास करेंगे और इन अनुभवों को अपने सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों में उपयोग करने की दिशा में काम करेंगे। चार दिवसीय सम्मेलन में सहभागिता के दौरान बबलु का फोकस सीखने, संवाद और अंतरराष्ट्रीय युवा नेटवर्किंग पर रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *