Advertisement

सीएम और केंद्रीय कृषि मंत्री ने वैशाली के प्रभावित परिवारों को दी अंतरिम सहायता

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के वैशाली जिले में आई भीषण बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 16 सितंबर को संयुक्त रूप से जिला के हद में राघोपुर प्रखंड की तेरसिया पंचायत के तेरसिया एवं सरायपुर गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उपरोक्त ने बोट और ट्रैक्टर पर सवार होकर जलमग्न क्षेत्रों तथा फसलों की बर्बादी का मुआयना किया तथा प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए सड़क ऊंची करने, नई सड़क बनाने तथा नष्ट हुई फसलों के उचित मुआवजे की मांग की। सीएम तथा केंद्रीय कृषि मंत्री ने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बाढ़ में अपनी जान जोखिम में डालकर चार पीड़ितों की जान बचाने वाले छोटे बच्चे विशाल कुमार को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस क्षेत्र में वर्ष 2016 की तुलना में एक फीट अधिक पानी आया है, जिससे केले और मक्के की फसलें तबाह हो गई है। कहा कि पूरे बिहार में लगभग 50 लाख बाढ़ प्रभावितों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। केंद्र सरकार संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार के साथ पूरी तरह खड़ी है और हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। कहा कि मुंगेर और भागलपुर में भी स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 7 हजार रुपये की अंतरिम अनुदान राशि जारी कर दी गई है तथा राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।नुकसान का सटीक एवं विस्तृत आकलन पूरा होने के बाद किसानों और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।

मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य सेवाओं और नावों के परिचालन का पूरा प्रबंध किया गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय टीम भेजने और हरसंभव सहयोग के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया तथा केंद्रीय मंत्री को साधुवाद दिया। इस अवसर पर हाजीपुर सदर विधायक अवधेश सिंह, पूर्व विधायक सतीश कुमार, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, वैशाली की जिलाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभांक मिश्रा सहित कई वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *