Advertisement

सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने को ले बिरसा आश्रम में भाजपाइयों का कार्यशाला

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद ढुल्लू महतो समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। भाजपा बोकारो जिला के तत्वावधान में जिला के हद में नया मोड़ स्थित बिरसा आश्रम में 5 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, निवर्तमान सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटूल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोहित लाल सिंह सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज जबकि संचालन जिला महामंत्री संजय सिन्हा ने किया। कार्यशाला में सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य, संगठन की भूमिका तथा जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और समाज के अंतिम पायदान तक सेवा एवं सहयोग की भावना पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी उसकी मूल भावना है। कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आम जनों से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझने और यथासंभव सहयोग करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि कार्यकर्ताओं को निरंतर जनता के बीच रहकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए। समाज के जरूरतमंद तक योजनाओं और सहायता का लाभ पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

निवर्तमान सांसद रवींद्र कुमार पांडेय ने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से कार्यकर्ताओं का आम जनता से सीधा जुड़ाव मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के बीच अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सेवा भाव को आगे बढ़ाना चाहिए। किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्र के रहिवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता से समझना जरूरी है। संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर आमजनों से संवाद करें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करें। पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटूल ने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और संगठन को और मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोहित लाल सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता सबसे महत्वपूर्ण है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए।

कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को बोकारो जिले में प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी मंडलों एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और सामूहिक प्रयास से अभियान को सफल बनाया जाएगा। जिला महामंत्री संजय सिन्हा ने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यशाला में प्रदेश, जिला एवं विभिन्न मंडलों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यशाला के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *