Advertisement

पेटरवार में भानु महतो स्मारक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन

ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच व् अवसर देना समाज की जिम्मेदारी-सुदेश महतो

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में वन विभाग पेटरवार के सभागार में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर भानु महतो स्मारक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो तथा विशिष्ट अतिथि गिरिडीह सांसद और गोमिया के पूर्व विधायक रहे।

जानकारी के अनुसार आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर गोमिया, पेटरवार एवं कसमार क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें उचित मंच प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के बल पर सफलता हासिल कर रहे हैं। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनके परिश्रम को पहचान मिलती है और अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सांसद ने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सम्मान और प्रोत्साहन देना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें जीवन में बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी मेहनत और लगन के बल पर उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर रहे हैं। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है। कहा कि शिक्षा समाज के विकास की मजबूत आधारशिला है। किसी भी प्रतिभावान विद्यार्थी की प्रतिभा संसाधनों के अभाव में दबनी नहीं चाहिए। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।

जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों का सम्मान उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है। बुंडू मुखिया निहारिका सुकृति ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है और दूसरे बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे सम्मान समारोह लगातार आयोजित होने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में खासा उत्साह देखा गया। अतिथियों ने सम्मानित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। भानु महतो स्मारक प्रतिभा सम्मान समारोह ने शिक्षा, शिक्षक और ग्रामीण प्रतिभाओं को सम्मान देने का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम में मंच संचालन सुधीर कुमार सिन्हा ने किया। मौके पर कौशल्या देवी, राजेश कुमार विश्वकर्मा, काशीनाथ सिंह, प्रमिला चौड़े, सुरजन कपद्दार, रश्मि देवी, मुमताज अंसारी, श्रीधर महतो, धनु लाल महतो, फुलेश्वरी देवी, संटू सिंह, चंदन सिन्हा, अखिलेश महतो, गोपाल महतो, कुमार अनुज, अनिता कुमारी, अनामिका देवी, सुनीता देवी सहित काफी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *