रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के चिलगड्डा पंचायत में अनाबद्ध निधि योजना के तहत स्वीकृत 81,25,056 रुपये की लागत से स्टेडियम निर्माण कार्य का शिलान्यास 5 सितंबर को बेरमो विधायक कुमार जयमंगल (अनुप सिंह) ने किया। स्टेडियम निर्माण की आधारशिला रखे जाने से क्षेत्र के युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं में खुशी का माहौल है।
स्टेडियम शिलान्यास के अवसर पर बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मैदान, खेल संसाधन और उचित अवसर उपलब्ध कराया जाए। कहा कि चिलगड्डा में बनने वाला स्टेडियम युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी ताकत हैं। खेल के माध्यम से युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी सीखते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलने से वे प्रखंड, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

विधायक ने कहा कि बेरमो विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के साथ-साथ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और जन सुविधाओं के विस्तार के लिए विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्टेडियम निर्माण की शुरुआत को लेकर चिलगड्डा पंचायत के ग्रामीणों एवं युवाओं में उत्साह देखा गया। स्थानीय रहिवासियों ने कहा कि स्टेडियम बनने से पंचायत एवं आसपास के गांवों के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवा खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकेंगे। मौके पर जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण, युवा एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मी आदि मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply