Advertisement

कसमार में 10 वर्ष की स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। कथित दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पकड़ा गया आरोपी 32 वर्षीय युवक इजराइल अंसारी बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि उक्त घटना के बाद से गांव में काफी आक्रोश का माहौल था, जिसे देखते हुए पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया। वहीं, पीड़िता को चिकित्सीय (मेडिकल) जांच और इलाज के लिए सदर अस्पताल बोकारो भेजा गया है।

​स्कूल से लौटकर शौच के लिए निकली बच्ची की चीख सुनकर घटनास्थल पर पहुंची मां

बताया जाता है कि पीड़िता की मां द्वारा कसमार पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार बीते 31 अगस्त की दोपहर लगभग 11:30 बजे उनकी 10 वर्षीया पुत्री स्कूल से घर लौटी थी। घर पर नाश्ता करने के बाद वह पास स्थित खेत की तरफ शौच के लिए गई थी। लगभग 10-15 मिनट बीत जाने के बाद भी जब मासूम बच्ची घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता होने लगी। मां बच्ची को ढूंढते हुए बाहर निकली ही थी कि खेत की दिशा से बच्ची के जोर-जोर से रोने और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही मां बदहवास हालत में खेत की ओर दौड़ी। मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गई। आरोपी युवक बच्ची के साथ अमानवीय हरकत कर रहा था और मासूम दर्द से कराह रही थी।

आरोप के अनुसार महिला को पास आता देख आरोपी पकड़े जाने के डर से पीड़िता को बदहवास हालत में छोड़कर झाड़ियों का फायदा उठाते हुए भाग निकला। डरी-सहमी बच्ची रोते हुए मां से लिपट गई। मां ने जब उसे संभाला, तो मासूम ने आपबीती बताते हुए कहा कि शौच के दौरान आरोपी ने उसे अकेला पाकर जबरन पकड़ लिया और डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया।

घटना की जानकारी मिलते ही कसमार थाना पुलिस हरकत में आई। पीड़िता की मां के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। ​इधर, जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन तथा सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर तथा कार्यकर्ता रवि कुमार राय ने 2 सितंबर को कहा कि बच्चों के साथ यौन दुष्कर्म के मामले में समाज को संवेदनशील होना पड़ेगा तथा इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए आमजनों के बीच जागरूकता की जरूरत है। उन्होंने कसमार थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की सराहना की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *