Advertisement

अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई व् नए मतदाता पंजीकरण कार्य की डीईओ ने की समीक्षा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी)-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) अजय नाथ झा ने एक सितंबर की देर संध्या अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो संवाद के माध्यम से एसआईआर-26 के तहत अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई एवं फार्म-06 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण कार्य की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने जिले के सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) एवं अतिरिक्त एईआरओ से कार्य प्रगति की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार समीक्षा के क्रम में डीईओ सह डीसी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई ऐसे मतदाता हैं, जिनके पास पूर्व की मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं है।

ऐसे मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं हो, उनका आवश्यक दस्तावेज बनाते हुए एसआईआर की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि सुनवाई के बाद पारित आदेश में सभी आवश्यक तथ्यों को स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए। उन्होंने मतदाताओं की सुविधा के लिए संबंधित ईआरओ एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ कार्यालयों में हेल्प डेस्क को प्रभावी रूप से संचालित करने को कहा।

हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज, सुनवाई की प्रक्रिया तथा फार्म-06 तथा 08 से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। वीडिओ संवाद में उन्होंने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा को पर्याप्त संख्या में ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सुनवाई के उपरांत ऑनलाइन प्रविष्टि एवं दस्तावेजों की अपलोडिंग का कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

तकनीकी अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित कर उसका समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ से अपने कार्य अनुभव के आधार पर बेहतर कार्यप्रणाली एवं उपयोगी सुझाव साझा करने को कहा। साथ ही, सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ को अपने स्तर से भी सुनवाई कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत कोई भी पात्र मतदाता छूटने नहीं पाए, इसके लिए सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *