Advertisement

डॉ यू. मोहंती की स्मृति में रक्तदान शिविर, डीसी ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाना ही डॉ मोहंती के प्रति श्रद्धांजलि-डीसी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। डॉ यू. मोहंती की स्मृति में इंडियन रेडक्रॉस सभागार बोकारो में एक सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा शामिल हुए। उन्होंने डॉ मोहंती को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि डॉ मोहंती के निधन से स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा खालीपन उत्पन्न हुआ है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यों और सेवाभाव को आगे बढ़ाना समाज की जिम्मेदारी है। कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाना ही डॉ मोहंती के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कहा कि जरूरतमंदो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आमजनों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

आयोजित रक्तदान शिविर में उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया। शिविर के समापन पर रक्तदाताओं को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य जनों ने डॉ यू. मोहंती के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए उनके सेवाभाव और स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान को याद किया। साथ ही समाज में रक्तदान एवं मानव सेवा की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *