Advertisement

पेड़ बचेंगे, तभी सुरक्षित रहेगा हमारा भविष्य-विष्णु चरण महतो

पेड़ों की रक्षा का संकल्प लेकर आज महादेव बेड़ा हीसीम में अनोखा रक्षा बंधन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों की सुरक्षा के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से 2 सितंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के हिसिम पंचायत के महादेवबेड़ा में पेड़ पर रक्षा बंधन का अनोखा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

उक्त कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में डीएफओ बोकारो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जानकारी देते हुए केंद्रीय वन बचाव समिति उत्तरी छोटा नागपुर के अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि पेड़ों को भाई की तरह राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लेना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश देने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में जंगल और पेड़ लगातार कम होते जा रहे हैं। अगर समय रहते हम पेड़ों और जंगलों की रक्षा के लिए आगे नहीं आए तो आने वाली पीढ़ियों को इसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ेगा। कहा कि पेड़ हमारे जीवन, जल, हवा और पर्यावरण के आधार हैं। इसलिए पेड़ों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

महतो ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रकृति और पेड़ों की रक्षा का संकल्प भी इस पर्व का हिस्सा बनना चाहिए। इसी उद्देश्य से हिसिम के महादेव बेड़ा में पेड़ पर रक्षा बंधन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे सच्चे रक्षक हैं। वे हमें बिना किसी स्वार्थ के जीवनदायिनी ऑक्सीजन, छाया और पर्यावरण संतुलन प्रदान करते हैं। कहा कि जिस तरह हम अपने परिवार की रक्षा करते हैं, उसी तरह जंगल और पेड़ों की रक्षा का संकल्प लेना होगा। महतो ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से पेड़ काटने के बजाय पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने, जंगलों को बचाने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में डीएफओ बोकारो के अलावा वन संरक्षण से जुड़े और स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी रहने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *