Advertisement

प्लांट के खुले नाले में गिरने से ग्रामीण की मौत, परिजनों ने की मुआवजे की मांग

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जीओ के हद में सियालजोरी थाना क्षेत्र स्थित वेदांता इलेक्ट्रो स्टील प्लांट परिसर में बीते 30 अगस्त की देर रात खुले नाले में गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान हाराधन महथा के रूप में हुई है। मृतक प्लांट परिसर के अंदर स्थित भागा बांध रहिवासी बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि देर रात हाराधन महथा किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान प्लांट परिसर के अंदर स्थित खुले नाले में गिर गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय रहिवासियों में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि प्लांट परिसर के अंदर खुले नाले और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण यह हादसा हुआ। परिजनों ने मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि प्लांट परिसर के अंदर आज भी गांव बसा है और ग्रामीणों का नियमित रूप से आना-जाना होता है। ऐसे में खुले नाले जैसी जगहों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सियालजोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा है। परिजन मुआवजे और जिम्मेदार अधिकारीयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर प्लांट प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *