मिथिला एकेडमी में कक्षा 11 एवं 12वीं के छात्रों के लिए समय प्रबंधन पर विशेष सत्र
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल बोकारो में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए समय प्रबंधन एवं बोर्ड परीक्षा 2027 की रणनीति विषय पर 31 अगस्त को एक दिवसीय विशेष मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग के प्रति जागरूक करने के साथ बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए सुनियोजित एवं प्रभावी रणनीति तैयार करने के लिए प्रेरित करना था।
आयोजित सत्र को विद्यालय के चेयरमैन राजेंद्र कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। पूर्व में मानव संसाधन विकास सेल बीएसएल में प्रशिक्षक रह चुके राजेंद्र कुमार विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों सहित डीवीसी और इलेक्ट्रोस्टील में कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षण देते रहे हैं। विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि समय का सही प्रबंधन ही किसी भी बड़े लक्ष्य और सफलता की कुंजी है। कहा कि बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन केवल कठिन परिश्रम से नहीं, बल्कि व्यवस्थित दिनचर्या, प्राथमिकताओं के सही निर्धारण और समय के सदुपयोग से संभव है।
उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारण, दैनिक एवं साप्ताहिक अध्ययन योजना, प्राथमिकताओं का निर्धारण, डिजिटल विकर्षणों से दूरी, नियमित स्मार्ट रिवीजन, मॉक टेस्ट एवं पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों के अभ्यास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही त्वरित पुनरावृत्ति के लिए शॉर्ट नोट्स, माइंड मैप एवं फॉर्मूला चार्ट तैयार करने तथा कमजोर विषयों की पहचान कर शिक्षकों की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
राजेंद्र ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य का संतुलन बनाए रखने की भी सलाह दी। उन्होंने पर्याप्त नींद, पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम या योग को दिनचर्या में शामिल करने तथा परीक्षा के दबाव से बचते हुए सकारात्मक सोच और निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर व्यावहारिक सुझाव दिए गए। इसके बाद संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने समय प्रबंधन एवं बोर्ड परीक्षा की तैयारी से संबंधित अपनी व्यक्तिगत शंकाएं रखीं और उनका समाधान प्राप्त किया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमर प्रसाद, उप-प्रधानाचार्य देब दुलाल मित्रा, विभिन्न संकायों के विषय शिक्षक एवं कक्षा शिक्षक उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य अमर प्रसाद ने चेयरमैन के प्रेरणादायी एवं सारगर्भित संबोधन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्र में बताए गए सूत्रों को अपने दैनिक जीवन और अध्ययन में लागू करने का आग्रह किया।
![]()













Leave a Reply