प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद जिला के हद में भौंरा हॉस्पिटल मोड़ 12 नंबर रहिवासी समाजसेवी सह रघुकुल समर्थक 35 वर्षीय हरेंद्र यादव के आकस्मिक निधन पर झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने 30 जुलाई को विशेष रूप से दिवंगत के आवास पर पहुंचकर शोकाकुल पत्नी एवं परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाढ़स बंधाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक हरेंद्र यादव भौंरा में अपने बड़े चाचा रामा आशीष यादव के साथ रहते थे। बीते 18 जुलाई को बरसात के मौसम के दौरान घर में गीले कपड़े सुखाते वक्त वे अचानक विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी स्थिति गंभीर हो गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत टाटा अस्पताल जामाडोबा ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने से स्तब्ध झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचीं। उन्होंने दिवंगत हरेंद्र यादव की पत्नी और अन्य परिजनों से मिलकर उनका दु:ख साझा किया और उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

मौके पर पूर्व विधायक ने कहा कि एक युवा समाजसेवी और कर्मठ रघुकुल समर्थक का यूं चले जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान स्थानीय पार्षद चंदन महतो, सुबोध सिंह, बीरेन्द्र तिवारी, चन्देश्वर सिंह, मृणाल कांत सिंह, शिवप्रकाश सिंह, भोला यादव, शंकर लोहार, नीलाम्बर कुम्हार, शत्रुघ्न सिंह, आजाद चौधरी, राजन बाउरी सहित गणमान्य व स्थानीय रहिवासी भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
![]()













Leave a Reply