एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग द्वारा मानव संसाधन अधिकारियों के लिए मानव संसाधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशल इंटेलीजेंस) की भूमिका विषय पर 30 जुलाई को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं मुख्यालय से लगभग 50 मानव संसाधन अधिकारियों ने सहभागिता की।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के संकाय देशबंधु मिश्रा तथा महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक आदि उपस्थित थे। उद्घाटन संबोधन में सीसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी ने मानव संसाधन प्रबंधन में एआई की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह तकनीक कार्यों को अधिक दक्ष, त्वरित एवं प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध हो सकती है। उन्होंने कहा कि एआई के उपयोग से जुड़े नैतिक पहलुओं, संभावित चुनौतियों तथा अन्य ग्रे-एरिया पर भी गंभीरता से विचार करना आवश्यक है, ताकि इसका उपयोग उत्तरदायित्वपूर्ण एवं संतुलित ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

स्वागत संबोधन में महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक ने कहा कि वर्तमान कार्य परिवेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एक महत्वपूर्ण एवं अभिन्न उपकरण के रूप में उभरकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप मानव संसाधन पेशेवरों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की कार्यप्रणाली को समझना तथा उसके प्रभावी उपयोग के प्रति स्वयं को तैयार करना अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयामों, मानव संसाधन प्रबंधन में इसके व्यावहारिक अनुप्रयोग तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विषय से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार एवं जिज्ञासा साझा की। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण एवं सक्रिय सहभागिता के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply