एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने जिले में यूरिया उर्वरक की कालाबाजारी एवं निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया है।
जिले के कई किसानों से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार कुछ उर्वरक विक्रेताओं द्वारा सरकार द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया उर्वरक की बिक्री किए जाने तथा जमाखोरी कर अवैध रूप से कालाबाजारी किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 जुलाई को जिला उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास एवं बेरमो तथा जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को अपने-अपने क्षेत्र में यूरिया उर्वरक की बिक्री एवं भंडारण की सघन जांच करने का निर्देश दिया है।
डीसी ने स्पष्ट कहा है कि जांच के दौरान यदि कोई उर्वरक विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, जमाखोरी अथवा कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि की गई कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराएं।
साथ ही उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को जिले के तमाम प्रखंडो में नियमित मॉनिटरिंग करने तथा जांच एवं कार्रवाई से संबंधित समेकित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता, जमाखोरी या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
![]()













Leave a Reply