Advertisement

बोकारो में एसआईआर का प्रथम चरण में 15.35 लाख गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने 29 जुलाई को बताया कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के 15,35,267 गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन निर्धारित समय से पूरा कर लिया गया है।

उपायुक्त झा ने कहा कि इस उपलब्धि में सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, निर्वाचन पदाधिकारियों एवं जिला प्रशासन की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा है। सभी ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाया। डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि एसआईआर का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूरा होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। हमारा उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है। आगामी 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी कोई भी पात्र मतदाता बनने से वंचित नहीं रहेगा। ऐसे सभी मतदाता प्रपत्र-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिला प्रशासन कोई भी पात्र मतदाता छूटेगा नहीं के संकल्प के साथ आगे भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करता रहेगा।

उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र रहिवासियों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद उसका अवलोकन अवश्य करें और यदि किसी पात्र का नाम सूची में नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर अपना नाम दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और जिला प्रशासन सभी मतदाताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *