रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो और चास के रहिवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने महत्वपूर्ण पहल की है।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की सहमति के बाद बोकारो जिला के हद में चास के आईटीआई मोड़ से जोधाडीह मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इसके साथ ही जिला के हद में सिवनडीह में लंबे समय से प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।
ज्ञात हो कि फ्लाईओवर और पुल बनने के बाद बोकारो-चास मार्ग पर यातायात सुगम होगा तथा प्रतिदिन लगने वाले जाम से राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है, क्योंकि सिवनडीह क्षेत्र को दुर्घटना संभावित जोन माना जाता है। इस संबंध में बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 29 जुलाई को बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में प्राप्त प्रस्ताव को राज्य सरकार के माध्यम से अग्रसारित किया गया था। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा।
![]()













Leave a Reply