डीसी ने मतदाताओं से की ऐप डाउनलोड कर नाम जांचने की अपील
एसआईआर गणना प्रपत्र भरने में उपयोगी, पूर्वजों की जानकारी खोजने में मददगार
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित ईसीआईनेट एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी विभिन्न सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है। यह ऐप मतदाताओं के लिए सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल, सुरक्षित एवं सुगम बनाता है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान इसकी उपयोगिता और भी बढ़ गई है। बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) -सह- जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे गूगल प्ले स्टोर से ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड कर उसका अधिक से अधिक उपयोग करें।
उन्होंने 8 जुलाई को कहा कि उक्त ऐप के माध्यम से मतदाता यह आसानी से जांच सकते हैं कि एसआईआर-2003 की मतदाता सूची में उनका अथवा उनके परिवार के सदस्यों का नाम दर्ज है या नहीं। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 के गणना प्रपत्र में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए मतदाता अपने माता-पिता, दादा-दादी अथवा नाना-नानी का नाम भी ईसीआईनेट ऐप में खोज सकते हैं। इससे गणना प्रपत्र को सही एवं त्रुटिरहित तरीके से भरने में काफी सहायता मिलेगी।
बताया जाता है कि निर्वाचन प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ ईसीआईनेट आम मतदाताओं की भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह प्लेटफॉर्म मतदाताओं को घर बैठे सुरक्षित, पारदर्शी एवं भरोसेमंद निर्वाचन सेवाएं उपलब्ध कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
![]()













Leave a Reply