Advertisement

हिसीम में एसआईआर अभियान को मिली गति, पंसस को सौंपा गया गणना प्रपत्र

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के हिसीम पंचायत में अभियान को गति मिलने लगा हैं। सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी कसमार नरेंद्र कुमार सिंह ने 7 जुलाई को हिसीम के पंचायत समिति सदस्य जागेश्वर मुर्मू को गणना प्रपत्र (ऐनुमैरेशन फॉर्म) सौंपकर समय पर प्रपत्र भरने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को इस अभियान से जोड़ने की अपील की।

इस अवसर पर बोकारो जिला से आए प्रेक्षक किशोर कांत भी उपस्थित रहे। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी पात्र मतदाताओं से सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योग्य मतदाता समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची शुद्ध एवं विश्वसनीय बन सके।
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।

सभी मतदाता गणना प्रपत्र समय पर भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं तथा अभियान को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। जिला मुख्यालय से आये पर्यवेक्षक किशोर कांत ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची आवश्यक है। सभी जनप्रतिनिधि एवं आम मतदाता इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य जागेश्वर मुर्मू ने भी अभियान में पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं को समय पर गणना प्रपत्र भरने के लिए जागरूक करेंगे, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *