प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो के बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित आवासीय कार्यालय में 6 जुलाई को प्रतिदिन की भाँति जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न गाँवों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में रहिवासी पहुँचे और अपनी व्यक्तिगत तथा जनहित से जुड़ी समस्याओं से पूर्व विधायक को अवगत कराया।
इस दौरान उपस्थित जनों ने सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएँ और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव रखे। पूर्व विधायक डॉ महतो ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का आग्रह किया। उन्होंने कई आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ महतो ने कहा कि उनके लिए जनसेवा किसी पद की मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा कि पद बदल सकता है, लेकिन जनता से मेरा रिश्ता कभी नहीं बदल सकता। जनता का विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। यही विश्वास मुझे हर दिन आमजनों के बीच रहने, उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि, मैं राजनीति को सेवा का माध्यम मानता हूँ।
जनता के सुख-दुःख में पहले भी साथ था, आज भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ उनके बीच हूँ और आगे भी रहूँगा। चुनाव परिणाम या पद से जनसेवा की भावना समाप्त नहीं होती। क्षेत्र के विकास, आम जनों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मेरा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरना ही मेरा सबसे बड़ा दायित्व है। जनता दरबार के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर पूर्व विधायक से मुलाकात की।
![]()













Leave a Reply