Advertisement

सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ छात्रों के सर्वांगीण विकास की सशक्त आधारशिला-खान

सीसीएल के अंतर्गत डीएवी कथारा में विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को केंद्र में रखते हुए सह-शैक्षणिक गतिविधियों (सीसीए) के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर पूरे सप्ताह (29 जून से 4 जुलाई तक) रचनात्मकता, अनुशासन, देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।

बीते 4 जुलाई को सीसीए गतिविधियों के अंतर्गत प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए कक्षा 3 से 5 तक क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक प्रतिभा एवं सृजनात्मक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियों ने विद्यालय प्रबंधन को प्रभावित किया। इसी क्रम में कक्षा 6 से 8 के लिए देशभक्ति समूह गायन, कक्षा 9 व् 10 तथा 11 एवं 12वीं तक के छात्रों के लिए समूह देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुत मनोहारी नृत्यों ने राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक गौरव एवं सामूहिक भावना का प्रभावशाली संदेश दिया।

जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने 6 जुलाई को बताया कि क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता ( वर्ग 3-5) में दयानंद सदन की आरूषी कुमारी प्रथम, विवेकानंद सदन की आर्ची कुमारी द्वितीय एवं दयानंद सदन के अंशुमन कुमार और अरविंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कहा कि समूह गायन प्रतियोगिता में (वर्ग 6-8) में विवेकानंद सदन प्रथम, दयानंद द्वितीय एवं श्रद्धानंद सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में (वर्ग 9-10) श्रद्धानंद और अरविंदो सदन प्रथम, विवेकानंद सदन द्वितीय एवं दयानंद सदन तृतीय स्थान पर रहा। वहीं 11वीं एवं 12वीं में अरविंदो सदन प्रथम एवं विवेकानंद सदन द्वितीय रहा।

इस अवसर पर झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह- विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी.एन.खान ने विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने प्रेरक संदेश में कहा कि विद्यालयी शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ छात्रों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग, राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे जीवनोपयोगी गुणों का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि डीएवी कथारा का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को ऐसा समग्र मंच प्रदान करना है, जहाँ वे अपनी प्रतिभा को पहचान सके, उसे निखार सके और एक जिम्मेदार, संस्कारित एवं सक्षम रहिवासी के रूप में विकसित हो सके। कहा कि हमें विश्वास है कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव सिद्ध होंगी।

मौके पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी छात्रों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों के स्वर्णिम उज्जवल भविष्य को गढ़ने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर एस मिश्रा, तेजो मित्र पाठक, सीसीए समन्वयक जितेंद्र दुबे, बी.के. दसौंधी, राकेश रंजन, आराधना, ओशीन, अर्शिया एजाज, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, खुशबू कुमारी, सुमन कुमारी, विमलेश कुमार, अमरनाथ यादव, ममता पात्रा, सुरभि दुबे, बबली कुमारी, पुष्पांजलि राव, राखी राणा, निकिता कुमारी, संगीत कुमार, विकास सिंह सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *