Advertisement

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनो का भारत बनाने में लगे हैं पीएम मोदी-संजय सेठ

कथारा में आयोजित 125वां स्मरण पक्ष कार्यकर्त्ता सम्मेलन में शामिल हुए रक्षा राज्यमंत्री

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनो का विकसित भारत बनाने में लगे हैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बेहतर समाज बनाने के लिए प्रयास करने की जरूरत है। भारत को वर्ष 2027 तक टीवी मुक्त, सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाना है। झारखंड में झामुमो-कांग्रेस का गठबंधन नहीं ठगबंधन सरकार है। राज्य में कानून व्यवस्था की हालत जर्जर है।

उक्त बाते केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 6 जुलाई को बोकारो जिला के हद में ऑफिसर क्लब कथारा में आयोजित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का 125वां स्मरण पक्ष के तहत जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक राष्ट्र में दो विधान, दो कानून, दो प्रधान को समाप्त करने के पक्षधर थे। देश बटवारा के समय जिन्ना की सोंच बंगाल को भी पाकिस्तान में मिलाने की साजिश को उन्होंने तोड़ दिया था। इसीलिए आज पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा हैं।

कहा कि उन्होंने जम्मू एवं कश्मीर में अलग पासपोर्ट व्यवस्था के विरोध में बिना पासपोर्ट कश्मीर गये। बीमारी के कारण उन्हें साजिश के तहत तत्काल सरकार द्वारा बिना ऑक्सीजन सपोर्ट वाले अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। जिसके कारण उनकी मौत हो गयी। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि अखंड भारत बनानेवाले डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की एक साजिश के तहत हत्या की गयी। इसके लिए उस समय के जम्मू एवं कश्मीर तथा केंद्र सरकार जिम्मेवार है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ मुखर्जी के विकसित एवं अखंड भारत के सपनो को साकार करने के लक्ष्य के तहत काम कर रहे हैं। यही कारण है कि आज देश की राजधानी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास सहित राजमार्ग का नाम परिवर्तित किया गया। धारा 370 तथा 35 को समाप्त कर दिया गया है।

रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोंच देश को बीमारी मुक्त तथा सरल चिकित्सा सुविधा बनाना है। इसमें झारखंड सरकार सहयोग नहीं कर रही है। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर देश को बीमारी मुक्त करने के लिए सामाजिक स्तर पर जागरूकता फैलाने का कार्य करें। देश को वर्ष 2027 तक टीवी मुक्त बनाना है।

इसके लिए जिला स्तर के अस्पताल में टीवी बीमारी के लक्षण वाले मरीजों के इलाज में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि टीवी मरीज को इलाज से अधिक पौस्टिक तथा शुद्ध भोजन की जरूरत होती है। केंद्र सरकार इस ओर भी कार्य कर रही है। कहा कि आज देश में तेजी से सर्वाइकल कैंसर फैल रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार ने स्कूलो में 14 साल की उम्र तक की बेटियों के लिए लगातार जागरूकता तथा इलाज शिविर लगा रही है। कार्यकर्ताओं को इस दिशा में आवश्यक सहयोग करने की जरूरत है।

रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में झामुमो-कांग्रेस की गठबंधन नहीं बल्कि ठगबंधन की सरकार चल रही है। राज्य में बालू से सोना बनाने का उद्योग फलफुल रहा है। राज्य की कानून व्यवस्था लचर हो गयी है। शिक्षकों को पांच माह से मानदेय तथा वेतन नहीं दिया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपनो का भारत बनाने तथा देश को बीमारी मुक्त करने के लिए सामाजिक स्तर पर लगातार जन जागरूकता का कार्य करने की जरूरत है।

मौके पर भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज, गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटूल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनय सिंह, जिप सदस्य ओमप्रकाश सिंह उर्फ टीनू सिंह, प्रह्लाद महतो, नीतू सिंह, श्रवण सिंह, मधुसूदन सिंह, विश्वनाथ यादव, सीपी सिंह, संजय पांडेय, विक्रम पांडेय, ईश्वर लाल प्रजापति, डॉ प्रह्लाद वर्णवाल, रोहित लाल सिंह, जगन्नाथ राम, देवनारायण प्रजापति, रामजी सिंह यादव, महिला नेत्री कांति सिंह, संजय प्रसाद, सीमा महतो, सीता देवी, सुशीला देवी, साड़म मंडल अध्यक्षा उषा चौहान, मनोज तिवारी, रंजन पांडेय, रामेश्वर चौधरी, मनोज यादव, राजेंद्र, नेमचंद सहित सैकड़ो महिला पुरुष भाजपा कार्यकर्त्तागण उपस्थित थे।

इससे पूर्व सम्मेलन स्थल के समीप केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं महिला कार्यकर्ताओं ने तमाम अतिथियों का तिलक लगाकर तथा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। सम्मेलन स्थल पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सहित अतिथियों ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर व् वन्देमातरम गाकर सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। मौके पर देशभक्ति नारो से सम्मेलन कक्ष गुंजता रहा। खास यह कि जिलाध्यक्ष द्वारा पूर्व घोषणा के बावजूद धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व सांसद पीएन सिंह सहित कई पूर्व जिलाध्यक्ष सम्मेलन में अनुपस्थित रहे, जो चर्चा का विषय रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *