फील्ड विजिट कर ईएफ वितरण व डिजिटलीकरण की समीक्षा
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 5 जुलाई को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी कसमार नरेंद्र कुमार सिंह ने विभिन्न मतदान क्षेत्रों का फील्ड निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे एन्यूमरेशन फॉर्म (ईएफ) वितरण कार्य, प्रपत्र संग्रहण तथा डिजिटलीकरण की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सिंह ने संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाना सुनिश्चित करें। प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटलीकरण एवं ऑनलाइन अपलोड में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता शत-प्रतिशत ईएफ वितरण और सटीक डिजिटल रिकॉर्ड पर निर्भर करती है।
समीक्षा के दौरान मतदान क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी ली गई तथा जिन क्षेत्रों में कार्य अपेक्षाकृत धीमा है, वहां अतिरिक्त प्रयास कर निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी बीएलओ को नियमित रूप से मतदाताओं से संपर्क बनाए रखने एवं किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने नहीं देने की हिदायत दी गई।
इस अवसर पर सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह कसमार अंचल अधिकारी सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सभी बीएलओ पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ घर-घर जाकर ईएफ का वितरण करें, प्रपत्र प्राप्त करें तथा उनका समय पर डिजिटलीकरण सुनिश्चित करें। कहा कि हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो। उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
![]()













Leave a Reply