सहायक निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ अनीता कुमारी को किया सम्मानित
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को प्रतिदिन बीएलओ ऑफ द डे के रूप में सम्मानित किया जा रहा है। इसी क्रम में बीते 4 जुलाई को संध्या 6 बजे तक जिला स्तर पर हुए कार्य निष्पादन के आधार पर गणना प्रपत्र वितरण श्रेणी में बोकारो जिला के हद में बेरमो विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या-333 की बीएलओ अनिता कुमारी को बीएलओ ऑफ द डे चुना गया।
बताया जाता है कि अनिता ने एक ही दिन में 410 गणना प्रपत्रों का वितरण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनके पर्यवेक्षक दशरथ प्रसाद मांझी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर 5 जुलाई को जरीडीह प्रखंड के सहायक निर्वाचन पदाधिकारी प्रणव ऋतुराज ने उन्हें प्रशस्ति स्वरूप सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर सहायक निर्वाचन पदाधिकारी प्रणव ऋतुराज ने कहा कि एसआईआर अभियान को सफल बनाने में सभी बीएलओ पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। कहा कि बीएलओ ऑफ द डे जैसी पहल से बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन होता है और अन्य बीएलओ भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने सभी बीएलओ से समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने की अपील की।
सम्मानित बीएलओ अनिता ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से वे पूरी लगन के साथ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण कर रही हैं। कहा कि भविष्य में भी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निर्वाचन कार्यों का वे निर्वहन करती रहेंगी।
![]()













Leave a Reply