Advertisement

कौशल शिक्षा को ले डीएवी सेक्टर-4 में छात्रों का सम्मान, रचनात्मक प्रतिभा को मिला मंच

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के डीएवी सेक्टर-4 में कौशल शिक्षा (स्किल एजुकेशन) के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को 3 जुलाई को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 8 से 12 तक के लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म स्वच्छता एवं जागरूकता, जल शक्ति अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पोस्टर निर्माण, चित्रकला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी सृजनात्मक सोच, सामाजिक जागरूकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एस. के. मिश्रा ने छात्रों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कौशल शिक्षा आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक निर्माण का सशक्त माध्यम है। कहा कि केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवनोपयोगी कौशल, रचनात्मकता और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास भी आज के समय में अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों के समर्पण और योगदान की भी सराहना की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *