Advertisement

मुंगो बगदा तेतरटांड़ में 63 केवीए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, वर्षों पुरानी समस्या से राहत

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के निर्देशानुसार 2 जुलाई को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के टांगटोना पंचायत अंतर्गत मुंगो बगदा तेतरटांड़ गांव में 63 केवीए क्षमता के नए विद्युत ट्रांसफार्मर का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में कसमार प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि मो. शेरे आलम ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर ट्रांसफार्मर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज एवं बिजली आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से क्षेत्र में निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों और छोटे व्यवसायियों को भी लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. शेरे आलम ने कहा कि राज्य सरकार और मंत्री योगेंद्र प्रसाद का उद्देश्य गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। कहा कि बिजली, सड़क, पेयजल और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। कहा कि जन समस्याओं का समाधान ही सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। क्षेत्र में जहां भी बिजली व्यवस्था कमजोर है, वहां चरणबद्ध तरीके से नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं, ताकि रहिवासियों को लो वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कसमार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मंत्री लगातार प्रयासरत हैं और आमजनों की हर जायज मांग को पूरा करने का कार्य किया जाएगा। ट्रांसफार्मर उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *