Advertisement

डॉक्टर्स डे पर बीजीएच निदेशक प्रभारी को आम का पौधा भेंट कर किया गया सम्मानित

डॉक्टर धरती के भगवान हैं, उनका सम्मान करना सभी का कर्तव्य-मुकुल ओझा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर बीते 30 जून को सेल/बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य अस्पताल बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं के निदेशक प्रभारी डॉ विभूति करुणामय को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान के महासचिव तथा स्वच्छ भारत अभियान झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रदेश संयोजक शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ उर्फ मुकुल ओझा ने आम का पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर बोकारो नगर भाजपा के निवर्तमान महासचिव अभय कुमार गोलू भी उपस्थित रहे। मौके पर मुकुल ओझा ने कहा कि डॉ विभूति करुणामय का चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में बोकारो ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में अत्यंत सम्मानित स्थान है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को धरती का भगवान कहा जाता है, क्योंकि जब मरीज बीमारी और संकट से जूझ रहा होता है, तब डॉक्टर ही अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से उसे नया जीवन देने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि समाज में डॉक्टरों के प्रति सम्मान और विश्वास की भावना बनी रहनी चाहिए। आज के समय में छोटी-छोटी बातों पर डॉक्टरों से अभद्र व्यवहार या विवाद करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। हमें उनके कठिन परिश्रम, त्याग और मानव सेवा के प्रति समर्पण का सम्मान करना चाहिए। डॉक्टर्स डे जैसे अवसर हमें चिकित्सकों के योगदान को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने चिकित्सकों के बेहतर स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर जनसेवा की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *