रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर चार स्थित स्वर्णालिका ज्वेलर्स एंड साड़ीज में एक जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) उत्साह, सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर समाज के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए निरंतर सेवा, समर्पण और साहस के साथ कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात केक काटकर डॉक्टर्स डे का उत्सव मनाया गया। उपस्थित सभी चिकित्सकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर स्वर्णालिका ज्वेलर्स एंड साड़ीज के संचालक संजय रस्तोगी, शिखर रस्तोगी एवं आदर्श रस्तोगी ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम हैं। चिकित्सक अपने ज्ञान, समर्पण और अथक परिश्रम से प्रतिदिन अनगिनत जरूरतमंदो को नया जीवन प्रदान करते हैं। समाज उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों में डॉ पंकज, डॉ वर्मा, डॉ आर.के. पाठक, डॉ अंजू परीरा, डॉ ललित किशोर, डॉ निकेत, डॉ आर.एन. चौरसिया, डॉ ईशा, डॉ सुजीत परीरा, डॉ प्रशांत किशोर, डॉ पूजा, डॉ धीरेंद्र, डॉ अनिकेत एवं डॉ उन्नीथन शामिल थे। इस अवसर पर स्वर्णालिका ज्वेलर्स एंड साड़ीज परिवार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम का माहौल सम्मान, उत्साह और कृतज्ञता से परिपूर्ण रहा।
![]()













Leave a Reply